लोकसभा चुनाव में 25 लाख खर्च सीमा निर्वाचन आयोग ने बढ़ाई
उम्मीदवार को खर्च करने के लिए 95 लाख रुपये निर्धारित किया गया है बजट
प्रत्याशी को हर खर्च का देना होगा हिसाब, रेट भी निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी अधिकतम 95 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। चुनाव प्रचार से लेकर रैली सहित अन्य का व्यय जुटेगा। निर्धारित सीमा से अधिक खर्च करने वाले प्रत्याशियों की अलग सूची बनेगी। पूर्व में खर्च की सीमा 70 लाख रुपये थी। महंगाई को देखते हुए आयोग की ओर से 25 लाख रुपये खर्च सीमा में वृद्धि कर दी गई है।
निर्वाचन कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, नामांकन में ही प्रत्याशियों को व्यय रजिस्टर दिया जाएगा। प्रत्याशी को नया बैंक खाता खुलवाना होगा। बैंक खाते से ही चुनाव प्रचार से संबंधित रकम का भुगतान किया जाएगा। व्यय टीम की ओर से नियमित अंतराल में रजिस्टर की जांच की जाएगी। रजिस्टर में जानकारी अंकित नहीं करने पर कार्रवाई होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव में व्यय की अधिकतम सीमा 95 लाख रुपये हैं। हर खर्च पर आयोग की टीम कड़ी निगरानी करेगी। इसमें चाय की चुस्कियों से लेकर नाश्ता तक चुनावी खर्च में शामिल होगा।
चुनावी खर्च के हिसाब करने के लिए कोषांग हुआ सक्रिय, पल-पल पर निगरानी
देवरिया। फूल-माला से किया स्वागत या फिर हाईफाई चुनावी कार्यालय बनाया तो स्क्वायर फुट से हिसाब देना है। यही नहीं, ड्रोन कैमरा और प्रचार-प्रसार तक के लिए भी खर्च का ब्योरा देना होगा।
दरअसल, लोकसभा चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद से जहां आचार संहिता लागू हो गई हैं, वहीं, लोकसभा चुनाव में पार्टियों की सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी के चुनाव में खर्च के लिए 95 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रत्याशी के हर खर्चे पर जिला निर्वाचन की टीम माॅनीटरिंग करेगी, वहीं, एक जून को होने वाले लोकसभा चुनाव में उतरे उम्मीदवार को भी फूंक-फूंक कर कदम रखना होगा। खर्च को लेकर अपने-अपने एक्सपर्ट से सलाह भी ले रहे हैं।
चुनाव के दौरान प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों की दर सामग्री निर्धारित दर
स्थायी मंच 10000
अस्थायी मंच 5000
एम्पलीफायर, माइक्रो फोन व लाउडस्पीकर पर प्रति अदद प्रतिदिन 500 रुपये
बसें 1500 से 2130 रुपये तक दैनिक, ईंधन अलग से
ट्रकें 2130 से 2660 तक दैनिक, ईंधन अलग से
जीप, टैक्सी व कारें 1210 रुपये तक दैनिक, ईंधन अलग से
टाटा सुमो, बोलेरो 1430 रुपये तक दैनिक, ईंधन अलग से
स्कार्पियो, टवेरा, जाइलो 1760 रुपये तक दैनिक, ईंधन अलग से
इनोवा, एसयूवी, सफारी 2750 रुपये तक दैनिक, ईंधन अलग से
पजेरा, इंडीवर, फार्च्युनर 3850 रुपये तक दैनिक, ईंधन अलग से
होटल व गेस्ट हाउस का किराया 2500 से 1100 प्रतिदिन
वाहन से संगीतमयी प्रचार 10000 रुपये
हल्का नाश्ता चाय, समोसा, बिस्कुट 30 रुपये
नाश्ता प्रति व्यक्ति एक बार 60 रुपये
चाय प्रति कप 10 रुपये
भोजन प्रति एक व्यक्ति 75 रुपये
20 लीटर गैलन पानी 20 रुपये प्रति नग
दो लीटर बोतल 30 रुपये प्रति नग
एक लीटर बोतल 20 रुपये प्रति नग
500 एमएल बोतल 10 रुपये प्रति नग
वॉटर टैंकर प्रतिदिन 600 रुपये प्रति टैंकर
ई-रिक्शा, टेपों, बाइक के साथ साइकिल का भी रेट निर्धारित
इस बार लोकसभा चुनाव में राजनैतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद प्रत्याशियों की तरफ से प्रचार-प्रसार में उपयोग में लाई जाने वाली वस्तुओं के साथ वाहनों का भी रेट निर्धारित किया गया है। इस बार चुनाव प्रसार में टेंपो या ई-रिक्शा के भाड़े के साथ बाइक व साइकिल का भी भाड़ा तय किया गया है। ई-रिक्शा व टेंपो के लिए 750 रुपये भाड़ा तय है। इसमें लगने वाले लाउडस्पीकर का भाड़ा अलग से लगेगा। इसी तरह बाइक यानी दोपहिया वाहनों से भी प्रत्याशी चुनाव प्रचार करवाते मिलते हैं। बाइक के लिए 500 रुपये तय किया गया है। अगर कोई प्रत्याशी साइकिल से प्रचार-प्रसार कराते हुए पाया जाता है तो उसके लिए 400 रुपये दर निर्धारित किया गया है।