प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना दिया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। पीस पार्टी के नेताओं ने हियुवा पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना दिया। हियुवा पर मुसलमानों और निषाद समाज को आतंकित करने का आरोप लगाया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी की। पूर्व जिलाध्यक्ष इसरार अहमद ने कहा कि मनुवादी विचारधारा की ताकतों ने समाज को तोड़ने का काम किया है।
महंत आदित्यनाथ का संगठन दबे, अति पिछड़े, कमजोर और खास तौर पर मुसलमान समाज को आतंकित करता रहता है। 26 जुलाई को निषाद समाज के लोगों से दुर्व्यवहार किया गया। गुरुवार को पीस पार्टी कार्यालय में घुसकर पार्टी के लोगों से दुर्व्यवहार करना, गाली देना, दफ्तर फूंकने और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई। इस संगठन के मुखिया को आतंकवादी ही कहा जाएगा।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब के ऊपर गोरखपुर और बड़हलगंज में दर्ज किए गए मुकदमे वापस हों। कार्यकर्ता मुकदमा वापस न होने पर आंदोलन करेंगे। इस दौरान प्रदेश सचिव अमीउल्लाह अंसारी, मु. तारिक, अकबर अली, हाजी इकबाल अंसारी, मंजर हुसैन, अलाउद्दीन, जैनुल आवेदीन, असलम लारी, इम्तियाज, इद्रीश भाई आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।