40 फीट की सड़क के किनारे कई नर्सिंग होम, पार्किंग न होने से मार्ग पर ही खड़े होते हैं वाहन
सड़क तक सजीं वाहन मरम्मत की दुकानें, राहगीरों के लिए आधी बचती है सड़क
देवरिया। शहर का न्यू कॉलोनी मोहल्ला पाश इलाके में गिना जाता है। कभी चौड़ी सड़कें यहां की पहचान हुआ करती थीं। लेकिन वर्तमान में कई निजी नर्सिंग होम, क्लीनिक, पैथालाजी सेंटर खुलने के बाद सड़क पर ही वाहन खड़ा होने व अतिक्रमण करके दुकानें बना लिए जाने से राहगीरों के लिए यह सड़क आधी बच रही है। नतीजा यहां लोग हर रोज जाम की समस्या से जूझते हैं।
न्यू कॉलोनी मोहल्ला धीरे-धीरे मेडिकल हब के रूप में विकसित हो गया है। बीते सालों के यहां कई निजी डॉक्टरों के नर्सिंग होम खुले हैं। प्रतिदिन यहां हजारों लोग चिकित्सकों को दिखाने के लिए सुबह से ही लाइन लगाते हैं। अधिकांश नर्सिंग होम के पास पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को लेकर आने वाले तीमारदारों के दो और चार पहिया वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं। ऐसे में इस सड़क पर जाम में फंसना आम हो गया है।
बड़ा पार्क के सामने फास्ट फूड कार्नर तैयार हो गया है। हर दिन यहां सड़क तक अतिक्रमण कर 20 से अधिक दुकानें लगाई जाती हैं। शाम को यहां आधी सड़क पर वाहन खड़े नजर आते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर 1.30 बजे जलकल रोड से इस कॉलोनी में जाने वाले मुख्य मार्ग पर प्रवेश करते ही कई नर्सिंग होम के सामने ही वाहनों की लंबी कतार दिखी। यातायात पुलिस के न होने से राहगीर परेशान नजर आए।
-
स्पीकअप
-
न्यू कॉलोनी की 40 फीट की सड़क पर कई जगहों पर अतिक्रमण है। मार्ग पर पूरे दिन चारपहिया वाहन खड़े रहते हैं। कई निजी नर्सिंग होम की अपनी पार्किंग नहीं है। स्कूल की छुट्टी होने पर हर दिन वाहन जाम में फंसते हैं। -प्रवीण पांडेय, पुरवा
न्यू कॉलोनी में कई जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के लोगों ने मकान हैं। लेकिन इस मार्ग पर कोई रो टोक नहीं होने से मनमाने तरीके से दुकानें लग रही हैं। बड़ा पार्क के सामने ठेले वालों ने कब्जा कर रखा है। - संदीप सिंह, उमानगर
-
आधुनिक मानकों के अनुसार न्यू कॉलोनी को आवासीय कॉलोनी के रूप बसाया गया था, लेकिन अब यह पूरी तरह व्यवसायिक बन गई है। यहां जाम परेशान करता है। कई नर्सिंग होम हैं, जिनके पास अपनी पार्किंग नहीं है। -मनोज सिंह, साकेतनगर
न्यू कॉलोनी में प्रवेश करते ही जगह-जगह अतिक्रमण किए जाने से 40 फीट की सड़क आधी हो जाती है। आवास के सामने दुकानें सज जा रही हैं। ऐसे में इनके ग्राहक इन दुकानों के सामने ही गाड़ी खड़ी कर देते हैं। -अखंड प्रताप सिंह, साकेतनगर
-
न्यू कॉलोनी में नगरपालिका क्षेत्र की सड़कों पर जिन्होंने अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। नोटिस देने के बाद भी ये लोग नहीं मानें तो अभियान चलाकर हटाया जाएगा। - रोहित सिंह, ईओ नगरपालिका