मजार के दक्षिणी हिस्से को ध्वस्त करती जेसीबी, फोटो संवाद
देवरिया। शहर के गोरखपुर रोड ओवरब्रिज के बगल में कुर्ना नाला के किनारे स्थित हजरत शहीद अब्दुल गनी शाह मजार रविवार को तोड़ दी गई। इस दौरान प्रशासन ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर मजार के सामने अवरुद्ध कर दिया था, जिससे मजार टूटने के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।
मजार टूटने से करीब एक घंटा पहले मजार के सामने से गुजरी सड़क को ब्लॉक कर दिया गया था। उत्तर तरफ गोरखपुर रोड ओवरब्रिज शुरू होने के पास बैरिकेडिंग की गई। वहीं दूसरी बैरिकेडिंग कुर्ना नाला पुल के पास की गई। यहां पुलिसकमिर्याें को तैनात कर दिया गया था। इसके अलावा पुरवां तिराहे के पास गाड़ियों को शहर में अंदर आने से रोक दिया गया।
केवल बाइक सवारों को ओवरब्रिज से अंदर की ओर आने दिया गया। वहीं बसों व भारी वाहनों को हाटा रोड की ओर मोड़ दिया गया। हल्के वाहनों को बीआरडीपीजी काॅलेज की ओर से भुजौली काॅलोनी होते हुए अंदर आने दिया गया। इसके चलते यहां जाम जैसी स्थिति बनी रही। वहीं शहर के अंदर से पुरवां तिराहे की ओर कारों व बाइक सवारों को जाने की अनुमति दी गई।
इधर, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव भी रविवार को मजार पर गए। वह मस्जिद कमेटी के लोगों से मिले। कुछ देर रुककर वह वापस चले गए। कुर्ना नाले के किनारे रही भीड़ : मजार के ध्वस्तीकरण को देखने के लिए कुर्ना नाले के किनारे मजार के करीब बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। कुर्ना के पार अलीनगर से साइड से सैकड़ों महिला, पुरुष, युवा व बच्चे रेलवे पुल के नीचे से होते हुए मजार के करीब तक आ गए। इस पर नजर पड़ते ही पुलिस लोगों के पास पहुंचकर समझा बुझाकर लौटा दिया। वहीं मजार के दक्षिण कुर्ना उस पार भी भारी संख्या में लोग आ पहुुंचे। वहां भी कुछ देर में पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर लोगों को हटाया। ध्वस्तीकरण देखने के लिए लगी रही भीड़ : मजार के पास बने कुर्ना पुल के पास बैरिकेडिंग के पास बड़ी संख्या में लोग मजार का ध्वस्तीकरण देखने पहुंच गए। इसके चलते भारी भीड़ लग गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया लेकिन लोग नहीं हटे। इसके बाद उन्होंने लोगों को वहां से खदेड़ दिया। गोरखपुर रोड ओवरब्रिज के दूसरी ओर स्थित काशीराम आवास की छतों पर लोग मजार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई देखने के लिए उमड़ पड़े।