तरकुलवा। ग्राम पंचायत महुआपाटन में अतिक्रमण के नाम पर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। प्रशासन हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर लोगों के पक्के घरों को जमींदोज कर रहा है।
बृहस्पतिवार को गांव के लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब एक ग्रामीण के काश्तकारी की भूमि पर वर्षों से पक्की सड़क चल रही है और प्रभावित को बदले में दी गई जमीन को प्रशासन ने खलिहान घोषित कर मकान पर बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर पीड़ित परिवार के साथ ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
इससे आवागमन ठप हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा। गढ़रामपुर-त्रिमुहानी घाट मार्ग महुआपाटन बाजार को बीच से सड़क गुजरती है। बाजार में कुछ दूर तक राजस्व अभिलेख में सड़क नहीं है। कुछ दूर तक सड़क गांव निवासी संत जायसवाल और उनके भाइयों की कास्तकारी में बनी है। सड़क निर्माण के समय अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को सड़क की जमीन के बदले ग्राम सभा की डेढ़ डिसमिल जमीन घर बनवाने के लिए दी थी। नायब तहसीलदार गंगा राम ने बताया कि खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जा कर घर बनवा लिया गया था, जिसे खाली कराया गया है।