फोटो,लार में सड़क से अतिक्रमण को हटवाते अधिकारी
- फोटो : udhampur news
लार। नगर प्रशासन ने हाईकोर्ट के निर्देश पर रविवार को कस्बा की मुख्य सड़क के दोनों तरफ की पटरियों पर हुए अतिक्रमण को बुलडोजर लगाकर खाली करा दिया। इसके साथ ही सात दुकानदारों से चार हजार रुपये जुर्माना वसूला।
अधिकारियों ने हिदायत देते हुए कहा कि चिह्नित स्थान तक दोबारा अतिक्रमण हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व अतिक्रमण हटाए जाने की सूचना को लेकर नगर में सुबह से ही अफरातफरी का माहौल रहा।
लार बाजार की मुख्य सड़क तक दोनों तरफ दुकानदारों ने टीन शेड लगा और नाली के ऊपर तक फुटपाथ पर सामान रख बेचते थे, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी। इसकी वजह से आए दिन जाम लग रहा था। स्कूल, बैंक, अस्पताल जाने वाले लोग जाम में फंस जाते थे। सड़क से अतिक्रमण हटाए जाने के लिए अधिवक्ता प्रदीप पांडेय ने हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल किया था।
तहसीलदार अलका सिंह, अधिशासी अधिकारी लार नगर पंचायत की अध्यक्षता में सड़क तक फैले अतिक्रमण को हटवाने के लिए टीम गठित की गई।
गठित टीम सबसे पहले लखु मोड़ पहुंची। सड़क के दोनों तरफ किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाने की कवायद शुरू हुई। यह देख अतिक्रमणकारी खुद समान समेटने लगे। इस तरह टीम चनुकी मोड़ पहुंची।