बलिया जिले के एक दवा व्यवसायी ने भागलपुर पुल पर बाइक खड़ी कर सरयू नदी में छलांग लगा दी। डूबने से उनकी मौत हो गई। भागलपुर चौकी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भागलपुर पुल पर बुधवार देर शाम एक युवक बाइक से पहुंचा। उसने बाइक खड़ी कर पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने भागलपुर पुलिस चौकी पर सूचना दी कि पुल पर एक अज्ञात बाइक खड़ी है। भागलपुर चौकी प्रभारी सदगुरु मिश्रा, दीवान धर्मेंद्र यादव ने बाइक को कब्जे में ले लिया। बाइक की डिकी खोली तो आधार कार्ड और गाड़ी के कागजात मिले। इसमें आशुतोष पांडेय (45) पुत्र श्याम नारायण पांडेय निवासी ग्राम देवकली, थाना नगरा, जिला बलिया लिखा था। पुलिस ने नगरा थाने से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि गांव पर ही मेडिकल की दुकान चलाते हैं। शाम को बिना बताए घर से निकले थे। आशुतोष के तीन पुत्र और एक पुत्री है।
बरहज सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि भागलपुर पुल के नीचे नदी में बलिया जिले के व्यवसायी का शव मिला है। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।