सत्र 2012 के बीटीसी प्रशिक्षुुओं का तृतीय सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं आया है। इसके चलते प्रशिक्षु काफी परेेशान हैं। रिजल्ट के लिए डायट से लेकर इलाहाबाद तक प्रशिक्षुओं को चक्कर लगाना पड़ रहा है।
पिछले वर्ष अगस्त महीने में तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा हुई थी। कुछ दिन बाद ही इसका परिणाम भी घोषित हुआ। देवरिया समेत तीन जिलों का परिणाम नहीं आया था। इससे प्रशिक्षु परेशान हो गए। डायट पहुंचकर जानकारी ली तो बताया गया कि किसी कारण से रुका है। जल्द ही रिजल्ट मंगा लिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। जब अधिक समय बीता तो प्रशिक्षुओं ने इलाहाबाद जाकर संपर्क किया। वहां से बताया गया कि डायट से जरूरी कागजात नहीं मिलने की वजह से रिजल्ट रोक दिया गया है। वहां से कागजात आने पर रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। तभी से प्रशिक्षु डायट से लेकर इलाहाबाद तक चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं निकल रहा है। यहां से वहां जाने के लिए कहा जा रहा है तो वहां से यहां संपर्क करने की बात समझाई जा रही है। एक प्रशिक्षु ने बताया कि यदि रिजल्ट आ जाता तो वह 15 हजार शिक्षक भर्ती में शामिल हो जाते। डॉयट प्राचार्य गुरूशरण सिंह का कहना है कि इलाहाबाद संपर्क किया गया है। जल्द ही प्रशिक्षुओं का रिजल्ट डायट का प्राप्त हो जाएगा।