बीएसए ने सीजेएम कोर्ट से कराई जमानत, 15 को उपस्थित होने का भरा बांड
देवरिया। बीएसए संतोष कुमार राय शनिवार को प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में उपस्थित हुए जहां उन्होंने 20 हजार रुपये के निजी बंध पत्र भी इस आशय का भरा कि वह 15 दिसंबर को सुबह 10 बजे उच्च न्यायालय इलाहाबाद में उपस्थित होंगे।
उच्च न्यायालय इलाहाबाद के समक्ष विजया सिंह बनाम संतोष कुमार राय वाद में न्यायालय ने 26 नवंबर को अवमानना पर बीएसए संतोष कुमार राय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इस मामले में संबंधित थाने की ओर से नोटिस का अनुपालन कराए जाने पर शनिवार को संतोष कुमार राय ने सीजेएम कोर्ट आकर आत्मसमर्पण कर जमानत पर रिहा किए जाने का निवेदन किया। इस पर प्रभारी न्यायिक मजिस्ट्रेट सूर्यकांत धर दूबे ने आदेश दिया कि प्रार्थी को जमानत पर रिहा किए जाने का पर्याप्त आधार है। उन्होंने 20 हजार रुपये का निजी बंध पत्र तथा उसी धनराशि की दो प्रतिभू व इस आशय की अंडरटेकिंग दाखिल किया है कि 15 दिसंबर को सुबह 10 बजे वह माननीय उच्च न्यायालय में उक्त क्रिमिनल अपील के संबंध में उपस्थित रहेंगे।