खामपार। थाना क्षेत्र के एक गांव में लाइब्रेरी से घर जा रहीं छात्राओं से छेड़खानी की गई। विरोध करने पर एक छात्रा के भाई पर हथियार से हमला किया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर मे बताया गया है कि छात्राएं गांव में खुले लाइब्रेरी में पढ़ने जाती हैं। आरोप है कि विकास यादव, रवि यादव, आनंद कुशवाहा, सुमित यादव आए दिन छेड़खानी की। दो जून की शाम करीब पांच बजे जब छात्राएं लाइब्रेरी से लौट रही थीं, तभी आरोपियों ने फिर से छेड़खानी और अभद्रता शुरू कर दी।
इसका विरोध करने पर एक छात्रा के भाई पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल युवक को परिजनों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया और मेडिकल परीक्षण कराया गया। एसओ प्रदीप अस्थाना ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।