रुद्रपुर। क्षेत्र के भृगुसरी गांव निवासी एक महिला ने भाई और भतीजे पर झांसे में लेकर जमीन बैनामा कराने और बाद दाखिल खारिज होने तक बंधक बनाने का आरोप लगाया है। सीओ की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव निवासी रामपति की पत्नी कैलाशी देवी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके मायके दीवान पोखरा गांव निवासी चचेरे भाई, भतीजे और एक अन्य युवक ने उसकी जमीन का सौदा 10 लाख रुपये में तय किया। 25 मार्च 2025 को उसके खाते में डेढ़ लाख रुपये भेजे गए। दो दिन बाद 27 मार्च को उन्होंने झांसे में लेकर वह रकम भी वापस ले ली और रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर जमीन को बैनामा करा लिया।
इसके बाद जमीन का दाखिल खारिज होने तक एक माह तक मायके में ही रोके रखा। महिला ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना उसने स्थानीय पुलिस को भी दी थी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी अभिजीत आर शंकर ने सीओ रुद्रपुर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सीओ की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पंकज निषाद, मुन्ना निषाद और अभिषेक पर प्राथमिकी दर्ज की है।
इस संबंध में सीओ राजेश चतुर्वेदी ने कहा कि महिला ने जमीन बिक्री का प्रतिफल नहीं मिलने की शिकायती की थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है। आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी।