रुद्रपुर। सोने-चांदी के दामों में हुई वृद्धि ने शादी वाले घरों का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई के मार से डाल में जाने वाला दुल्हन के जेवर का वजन हल्का होने लगा है। डाल सहेजने में जुटे दूल्हे के माता-पिता के पसीने छूट रहे हैं। वह बार-बार सोने-चांदी की कीमतें देख जेवर की डिजाइन व वजन को परिवर्तित कर रहे हैं।
दीपावली के बाद से लगातार सोने-चांदी के दामों में उछाल आ रहा है। हर रोज सोना-चांदी नया रिकॉर्ड बना रहे हैं, हालांकि दो सप्ताह में जेवर के दामों में हल्का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा। मध्यमवर्गीय लोगों की पहुंच से सोना-चांदी दूर होने लगा है। फरवरी में सहालग शुरू होने के बाद लोग खरीदारी में जुटे हैं। दुकानों पर पहुंच रहे ग्राहक अपने बजट के हिसाब से कम वजन वाले जेवर खरीद रहे हैं। लोगों का रुझान वजन में कम और दिखने में बड़े जेवर की तरफ है। चांदी के दाम को भी देख लोग खरीदारी में असहज महसूस कर रहे हैं।