तरकुलवा। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। लगातार तीसरे दिन शनिवार को उपकेंद्र के चारों फीडरों में ब्रेकडाउन हो गई। इससे उपकेंद्र के लगभग 450 गांवों और कस्बों की बिजली आपूर्ति 6 घंटे गुल रही। इसके चलते उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बिजली कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद फॉल्ट को ठीक कर सायं पांच बजे आपूर्ति बहाल की, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
33/11 केवीए बिजली उपकेंद्र तरकुलवा में लगे तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर और बंजरिया फीडरों की लाइन में शनिवार को भी ब्रेकडाउन की समस्या आ गई। कुछ जगहों पर एचटी व एलटी के तार टूट कर गिर गए तो कहीं इंसुलेटर पंचर हो गए। इससे सुबह 10 बजे तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर, कंचनपुर, गुलहरिया, बंजरिया, महुआपाटन, सोनहुला रामनगर, मुंडेरा बाबू आदि चौराहों व लगभग 450 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके पूर्व शुक्रवार को तीन फीडरों में ब्रेकडाउन से 10 घंटे तक आपूर्ति ठप थी। जबकि बृहस्पतिवार को शाम में आई आंधी और पानी के चलते पूरे 24 घंटे तक आपूर्ति ठप थी। उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति हर रोज ठप होने के कारण क्षेत्रीय उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के घरों में लगे इनवर्टर डिस्चार्ज हो जा रहे हैं। पानी की टंकियां सूख जा रही हैं। बिजली के बिना जनजीवन प्रभावित हो जा रहा है। वहीं कस्बों में व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद हो जा रहे हैं। क्षेत्रीय उपभोक्ता शिवशंकर यादव, रविशंकर सिंह, अशोक यादव, महफूज आलम, सरफराज अहमद, शशिकांत राव, दिवाकर राव, प्रमोद गुप्ता, रामपूजन राव, रामजी रौनियर, सतीश पटेल, बृजेश राव, प्रताप सिंह, सचिन यादव, संदीप रौनियार आदि का कहना है कि आए दिन उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति किसी न किसी वजह से ठप हो जा रही, लेकिन क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि और निगम के अधिकारी इसका स्थाई समाधान नहीं निकाल रहे हैं।
अवर अभियंता लवलेश सिंह ने कहा कि चारों फीडरों की लाइन में फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, जिसे ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दिया गया है।