देवरिया। कसया से आने वाली 33केवीए मेन लाइन में शुक्रवार को फिर ब्रेकडाउन होने से 350 गांवों की बिजली गुल हो गई। पांच लाख आबादी को एक बार फिर उमस भरी गर्मी में रात गुजारने को मजबूर होना पड़ा। बिजली निगम के कर्मचारी फॉल्ट को ठीक करने के प्रयास में जुटी रही।
33/11 केवीए तरकुलवा बिजली घर की बिजली आपूर्ति कुशीनगर जनपद के कसया पावर हाउस से होती है, जिससे तरकुलवा सबस्टेशन में लगे चार फीडरों से जुड़े 350 गांवों को बिजली सप्लाई दी जाती है। बुधवार रात दो बजे के करीब मेन सप्लाई में खराबी आ गई थी, जिससे बिजली घर के चारों फीडरों की सप्लाई ठप हो गई थी। लोगों को उमस भरी गर्मी में पंखा झल कर रात गुजारनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार एक बजे दिन में सप्लाई चालू हो सकी। शुक्रवार को पूरे दिन बिजली की आंख मिचौली चलती रही। रात्रि 7:30 बजे के करीब 33 केवीए बिजली की मेन लाइन में फिर ब्रेकडाउन हो गया। जिससे एक फिर लगातार दूसरे दिन भी 350 गांवों की बत्ती गुल हो गई। आए दिन मेन सप्लाई में फॉल्ट और ब्रेकडाउन से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि 33केवीए मेन सप्लाई में कही फॉल्ट है, जिसका पता लगाया जा रहा है। फॉल्ट को शीघ्र ठीक करके सप्लाई चालू करा दिया जाएगा।