संवाद न्यूज एजेंसी देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में छोटी गंडक नदी में शनिवार की शाम साथियों के साथ स्नान करने गया होदरपट्टी गांव 12 वर्षीय रेशान नदी में लापता हो गया। उसे डूबता देख साथी मौके से भाग गए।
गांव में जाकर परिवार वालों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक की नदी में काफी तलाश कराया, मगर देर शाम तक पता नहीं चल सका। इससे परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव निवासी रेशान शेख पुत्र इरफान शाम को गांव के कुछ साथियों के साथ रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव स्थित (चतुर्भुजी स्थान के पास) छोटी गंडक नदी में स्नान करने गया। स्नान के दौरान रेशान गहरे पानी में चला गया। उसे डूबते हुए देख कर साथियों ने बचाने का प्रयास किया, मगर बचा नहीं पाए।
इसके बाद उसके साथी डरकर वहां से चिल्लाते हुए भाग निकले। घर पहुंचकर परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। परिवार वाले आननफानन मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे रामपुर कारखाना थाने के एसओ गोरखनाथ सरोज ने बताया कि देर शाम तक बालक की नदी में स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई गई, मगर कामयाबी नहीं मिली।