भाटपार रानी। स्वाॅट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस टीम ने 25 हजार के इनामी गो तस्कर रिंकू (30) को सोनूघाट चौराहे से गिरफ्तार किया है।
वह संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के खेड़ा खास का रहने वाले है। उस पर वर्ष 2024 में भाटपार रानी थाने में गो तस्करी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी, तब से वह वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गो तस्कर के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी हुआ था। लगातार दबिश के बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।
इसके बाद एसपी अभिजीत आर. शंकर ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि इसी मामले में चार अन्य आरोपियों बबलू उर्फ जुल्फेकार मियां, सहाबुद्दीन शाह, आजाद अली और परवेज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से एक पिकअप में लदे पांच गोवंशीय पशु मुक्त कराए गए थे, जबकि रिंकू भाग गया था।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर भाटपार रानी पुलिस और स्वाॅट सर्विलांस टीम ने सोनूघाट चौराहे के पास घेराबंदी कर रिंकू को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि 25 हजार के एक इनामी गो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।