बरियारपुर। थाना क्षेत्र के विशुनपुर कला–कुशहरी मार्ग पर बृहस्पतिवार को बोलेरो और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि ई-रिक्शा चालक को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, डीहा बसंत स्थित एक राइस मिल के पास कुशहरी की ओर से आ रही बोलेरो ने विशुनपुर कला की तरफ से कुशहरी जा रहे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना में भीखमपुरा निवासी फूलचंद प्रसाद घायल हो गए, जबकि ई-रिक्शा चालक कुशहरी निवासी किशोर मधेसिया को भी चोटें आईं। टक्कर से ई-रिक्शा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष दीपक सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।