रुद्रपुर। एकौना थाना क्षेत्र के गोर्रा नदी में सोमवार की देर रात मजदूर का शव बरामद हुआ। वह रविवार की देर रात संदिग्ध हालात में नदी में डूब गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया। मृतक कुशीनगर जिले का निवासी है। गोर्रा नदी के पचलड़ी बेलवा बांध के किनारे कटान रोकने के लिए बोल्डर पिचिंग का काम चल रहा है। यहां कुशीनगर जिले के सरया थाना क्षेत्र के पकहा गांव निवासी मुकेश यादव 34 वर्ष भी काम कर रहा था। रविवार की शाम काम को लेकर ठेकेदार से कहासुनी होने की चर्चा है। जिसके बाद कुछ मजदूर नाव से दूसरे छोर पर चले गए।
देर रात मुकेश नदी में डूब गया। साथी मजदूरों के अनुसार, नाव में पानी भरने पर वह उतरने लगा, इस दौरान डूब गया। घटना की सूचना लोगों को सोमवार की सुबह हुई। स्थानीय गोताखोर डूबे मजदूर की तलाश में लग गए।