बरियारपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की देर शाम इंटर की छात्रा का शव टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। इससे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी मां और छोटे भाई के साथ घर पर रहती थी। पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। रविवार की शाम को छोटा भाई घर पहुंचा तो उसने टिन शेड में लगे बांस से बहन को फंदे पर लटका देखा। उसने तत्काल मां को सूचना दी। मां और आसपास के लोगों ने किशोरी को उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ दीपक सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।