11 कटेगरी में 200 से अधिक खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग, 50 ऑफिशियल की देखरेख में होगी
नौ जून को टाउन हाॅल के ऑडिटोरियम में शाम चार बजे से प्रदेश के बाॅडी बिल्डर करेंगे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन की देखरेख में शहर में अगले माह मिस्टर यूपी बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप आयोजित होगी। इसमें प्रदेश की विभिन्न जगहों से 200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। चैंपियनशिप को लेकर आयोजक इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं।
गोरखपुर रोड स्थित जिम में रविवार को यूपी बाॅडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन के महासचिव विशवास राव एवं डिस्ट्रिक्ट बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन एंड फिटनेस एसोसिएशन के सचिव उमेश तिवारी ने कहा कि नौ जून को मिस्टर यूपी बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप-2024 का आयोजन टाउन हाॅल के ऑडिटोरियम में होगा। देवरिया में पहली बार होने वाली इस चैंपियनशिप में बॉडी बिल्डिंग, वीमेन माॅडल, स्पोर्ट्स फिजिक की 11 कैटेगरी में कुल 200 से ज्यादा खिलाड़ी व 50 ऑफिशियल की उपस्थिति रहेगी।
चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश ओलंपिक व इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडेरेशन की ओर से तथा उत्तर प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एंड फिटेनस एसोसिएशन की ओर से मान्यता प्राप्त है। इसमें उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में यूपी पुलिस, हिंडाल्को, कस्टम, इन्कम टैक्स जैसे विभागों में तैनात खिलाड़ी भी आएंगे।
विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कारों के साथ सिलेक्शन ट्रायल टीम इंडिया फॉर एशिया एंड वर्ल्ड-2024 के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसमें विशेष अतिथि आनंदेश्वर पांडेय, गेस्ट पोजर के रूप में संजना डालक मिस एशिया फिटनेस, जावेद खान वर्ल्ड चैंपियनशिप व संदीप कुमार साउथ एशिया चैंपियन, राव बिलाल कस्टम विभाग प्रमुख हैं। डिस्ट्रिक्ट बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन एंड फिटनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णा पांडेय ने कहा कि पहले यह चैंपियपशिप पांच जून को प्रस्तावित थी, जिसे कतिपय कारणों से बाद में नौ जून को कर दिया गया। इसके जरिए बेस्ट ऑफ फाइव खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। पहले दो स्थानों पर आए प्रतिभागियों को आने वाली नेशनल चैंपियनशिप जो बेंगलूरू में प्रस्तावित है, में भाग लेने का मौका मिलेगा।