केबिल ब्लास्ट से 150 गांव अंधेरे में ।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी में सकरापार रेलवे लाइन क्रासिंग के पास केबिल ब्लास्ट होने से देहात फीडर से जुड़े 150 गांवों की बिजली दो दिनों से ठप है। इससे नाराज लोगों ने शनिवार को विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर नगर की आपूर्ति बंद करा दिया। साथ ही कर्मचारी को खदेड़ दिया। जेई की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। देर शाम तक नगर की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
गांवों को बिजली नहीं मिलने से उमस भरी गर्मी में लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। भटनी देहात फीडर से 150 गांव के लोगों को आपूर्ति की जाती है। सकरापार गांव के समीप बिजली का केबिल रेलवे लाइन के नीचे से गया है। बिजली केबिल कमजोर होने की वजह से अक्सर ब्लॉस्ट हो जाता है। साथ ही आपूर्ति ठप हो जाती है। शुक्रवार की शाम को केबिल ब्लॉस्ट हो गया। विभागीय लापरवाही की वजह से चौबीस घंटे बाद भी ब्लॉस्ट हुए केबिल को ठीक नहीं किया जा सका। इससे नाराज कुछ लोग तीन में करीब तीन बजे विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात एसएसओ से केबिल ठीक नहीं होने की वजह पूछा।
कर्मचारी ने रविवार को केबिल ठीक कर आपूर्ति बहाल होने की बात कही। इससे नाराज लोगों ने उसे खरी खोटी सुनाया और नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। लोगों का कहना है कि जब तक देहात इलाके की आपूर्ति चालू नहीं होगी। तब तक नगर का भी बिजली बंद रहेगा। जेई ने इसकी शिकायत पुलिस से की।