फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: थाने में पिटाई पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा

Wed, 18 Nov 2026 01:16 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
भटनी थाने पर पुलिस कर्मियों की शिकायत विधायक से करते कार्यकर्ता।
विज्ञापन
भटनी। बाइक से साइड लेने के विवाद में थाने बुलाए गए भाजपा के एक कार्यकर्ता की पुलिसकर्मियों ने पिटाई कर दी। इससे नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में थाने का घेराव कर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज करने और निलंबित करने की मांग की।
विज्ञापन

घटना की जानकारी पर विधायक भी थाने पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी लेकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी को सौंपी है। भटनी के पिपरा देवराज गांव निवासी शिवम तिवारी भाजपा कार्यकर्ता हैं।
उनके चाचा मंडल उपाध्यक्ष हैं। शिवम सोमवार की शाम अपने ट्रैक्टर से सल्लहपुर गांव रोटावेटर लेने गए थे। वहां से लौटते समय बनकटा शिव चौराहे पर साइड लेने को लेकर कुछ बाइक सवारों से उनका विवाद हो गया। दोनों पक्षों में कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान थाने के दो सिपाही मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

आरोप है कि बाइक सवारों को हटाने के बाद सिपाहियों ने शिवम को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। इसपर उनकी सिपाहियों से भी नोकझोंक हुई। राहगीरों के बीच-बचाव के बाद शिवम ट्रैक्टर लेकर घर चले गए।
आरोप है कि सोमवार की रात और मंगलवार सुबह दो उपनिरीक्षकों के नेतृत्व में पुलिसकर्मी शिवम के घर पहुंचे और उन्हें तत्काल थाने आने को कहा। खेत से घर लौटने पर शिवम को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद वह अपने पिता और चाचा के साथ थाने पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात के बाद शिवम थाने के बरामदे में सिपाहियों से बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान नगर चौकी प्रभारी, एक अन्य उपनिरीक्षक और दो सिपाही उन्हें जबरन अंदर ले गए और पिटाई करने लगे। शिवम के शोर मचाने पर प्रभारी निरीक्षक, उनके पिता और चाचा मौके पर पहुंचे और उन्हें वहां से बाहर लेकर आए। पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर हाथ तोड़ने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।
कुछ देर बाद विधायक सुरेंद्र चौरसिया भी थाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी। एसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें