देवरिया। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगों को दया नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकार के साथ मुख्यधारा में लाने का काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है।
ये बातें केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कही। वे सोमवार को आईटीआई परिसर में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में जिले से आए 1631 दिव्यांगों में ट्राई साइकिल व अन्य सहायक उपकरण वितरण के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। वहीं, जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि, प्रदेश सरकार दिव्यांग लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि, सहायक उपकरण दिव्यांगों के जीवन में आत्मनिर्भरता का नया संचार करेंगे। कार्यक्रम को सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने भी संबोधित किया।