सलेमपुर। विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सक्रियता दिखाई। बुधवार को मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव एवं पार्टी के एसआईआर सहसंयोजक अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के कई बूथों का भ्रमणकर बूथवार एसआईआर की नवीन प्रगति की समीक्षा की। सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा सलेमपुर, सरवार संस्कृत विद्यालय तथा टीचर कॉलोनी स्थित बूथों का दौरा किया। भ्रमण के समय बूथ अध्यक्षों के साथ बीएलओ एवं बीएलए-2 की मौजूदगी में मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों की स्थिति को जाना गया। कार्यकर्ताओं ने यह भी जानकारी ली कि किन मतदाताओं के नाम सूची में जुड़ने शेष हैं और किनका संशोधन या सत्यापन बाकी है। मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव ने कहा कि यह भ्रमण केवल समीक्षा के उद्देश्य से नहीं, बल्कि आम मतदाताओं में एसआईआर को लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए किया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन को सहयोग देने का संकल्प भी लिया। संवाद