बर्ड फ्लू के प्रति प्रशासन अलर्ट, पोल्ट्री फार्म की बढ़ी निगरानी
देवरिया। बरहज क्षेत्र में हुए पांच पक्षियों की मौत के बाद से सभी पोल्ट्री फर्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि मृत पक्षियों के भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। फिर भी महकमा बर्ड फ्लू के प्रति पूरी तरह अलर्ट है। फार्मों में रोज पक्षियों की गणना की जा रही है। बाहरी पक्षियों पर भी पशु पालन विभाग नजर लगाए हुए है।
चार दिन पहले बरहज के पैना रोड स्थित शंकरदास कुटी के समीप बागीचे में पांच पक्षी मृत पाए गए थे इसमें तीन कौवा, एक महोख व एक चमगादड़ था। स्थानीय पशु चिकित्सकों ने खेत में दवा का छिड़काव होने के कारण पक्षियों के मौत का अंदेशा जताते हुए दफन कर दिया था। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद दोबारा खुदाई कर उनके सैंपल इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीच्यूट इज्जतनगर बरेली भेजे गए। अभी उन पक्षियों की रिपोर्ट नहीं आई है। फिर भी अन्य जनपदों में मिल रहे बर्ड फ्लू के केस को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
26 पशु अस्पतालों के चिकित्सक नियमित कर रहे निगरानी
जिले में कुल 26 पशु चिकित्सालय हैं। सभी के चिकित्सक अपने क्षेत्र के पोल्ट्री फार्मों में नियमित पक्षियों की निगरानी करा रहे हैं। रोजाना पोल्ट्री फार्म में मौजूद पक्षियों की गणना हो रही है। अब तक किसी पोल्ट्री फार्म में मुर्गे या मुर्गियों की संदिग्ध मौत की सूचना नहीं है।
चार अस्पतालों से भेजे जा रहे सैंपल
पहले हर माह दो पशु अस्पताल अपने क्षेत्र से पक्षियों के सैंपल एकत्र करके इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीच्यूट इज्जतनगर बरेली भेजते थे। अब चार अस्पतालों के सैंपल आईवीआरआई को भेजे जा रहे हैं। शनिवार को भलुअनी, लार, पिंडी व पकड़ी बाजार पशु चिकित्सालयों की ओर से एकत्र सैंपल जांच के लिए बरेली भेजे गए।
बर्ड फ्लू को देखते हुए सभी पोल्ट्री फार्म व संभावित पक्षी आश्रयों की निगरानी की जा रही है। अब तक कोई केस पॉजिटिव नहीं आया है। बरहज क्षेत्र में मृत मिले पक्षियों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।- विकास साठे, सीवीओ।