सलेमपुर। बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की रात भोजन कर घर जा रहे दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर में कराया गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के टेकनपुरा गांव निवासी प्रबल कुमार यादव पुत्र लालबहादुर यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि पांच अगस्त कि रात करीब 10 बजे अपने दोस्त लव कुमार यादव पुत्र रामचन्द्र यादव को लेकर वार्ड नंबर पांच हरैया के एक होटल में खाना खाकर घर जा रहा था। इसी बीच बाइक सवार पांच से छह की संख्या में बदमाश आए और उन दोनों को जान से मारने की नियत से कड़ा व बेल्ट के बक्कल से सिर पर मारकर लहूलुहान कर दिया। हमले में प्रबल का सिर फट गया। अगल-बगल के लोगों द्वारा सीएचसी सलेमपुर लेकर जाया गया, जहां डॉक्टर ने इलाज किया। मामला को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस अपनी मौजूदगी में घायलों का इलाज कराकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल सुनील कुमार पटेल ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद