चोरी की दो बाइकें बिहार के छपरा जिले से चुराई गईं
बिहार प्रांत के बाॅर्डर से लेकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी करते थे चोर गिरोह के गुर्गे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुजुर्ग। जिले की समीपवर्ती व बिहार प्रांत से सटे जिलों में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं घटित हो रही हैं। रविवार को बनकटा थाना क्षेत्र से दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
बनकटा पुलिस को रविवार को मुखबिर ने सूचना दी कि दो वाहन चोर वाहन लेकर कहीं जा रहे हैं। इस सूचना के बाद बनकटा थानाध्यक्ष अमित कुमार मय फोर्स सोहनपुर में वाहन जांच करने लगे। इसी क्रम में दो बाइकों पर आ रहे दो युवकों को रोका। जांच करते वाहन के कागजात की मांग की तो वे दिखाने में असमर्थ दिखे। इसके बाद दोनों को थाने लाकर पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर दो बाइकें और बरामद हुईं। ये दोनों बाइक बिहार प्रांत के छपरा जिले से चुराई गई हैं। इसका मामला वहां के थाने में दर्ज है।
पुलिस ने सोमवार को वाहन चोरों से पूछताछ की। चोरों ने पुलिस को कुछ अहम जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, एक अन्य जगह से दो और बाइकें बरामद की गई हैं। पुलिस ने दोनों का नाम गोपनीय रखते हुए गिरोह के अन्य गर्गों की गिरफ्तारी में जुटे होने की बात कही।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गाड़ी पकड़ी गई है और उसके साथ दो चोरों को भी पकड़ा गया है। मामले की छानबीन चल रही हैं। शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा।
नौ दिन पहले चोरी के 13 वाहन के साथ छह चढ़े थे पुलिस के हत्थे
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। श्रीरामपुर पुलिस ने 13 चोरी की बाइकों से शराब तस्करी कर रहे छह शराब तस्करों को छह अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसमें से पांच आरोपी बिहार प्रांत के सिवान जिले के नौतन थाने के थे। उनके पास चोरी की 13 बाइकें बरामद हुई थीं। जिसे जब्त कर लिया गया था। पूछताछ में चोरों ने बताया था कि चोरी की बाइक से बिहार में शराब तस्करी करते थे और ग्राहक मिलने पर बाइक को भी बेच देते थे।