महुआडीह चौराहा पर हुआ हादसा, हाटा का रहने वाला था अनूप
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। महुआडीह चौराहा पर शुक्रवार की रात करीब आठ बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेजवाया, डाॅक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक अनूप बरनवाल (29) कुशीनगर जिले के हाटा कस्बा का रहने वाला था। घायल युवक भी वहीं का निवासी है। बताया जा रहा है बाइक पर पीछे बैठ अनूप हेलमेट नहीं पहने था।
जबकि बाइक चला रहे अनूप गुप्ता (25) की हालत स्थिर है। वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। अनूप कुशीनगर के हाटा कोतवाली, कस्बा के वार्ड नंबर 24 का निवासी था। बाइक चला रहा अनूप भी उसी वार्ड का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, महुआडीह चौराहा स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की रात करीब आठ बजे हेतिमपुर से देवरिया की तरफ जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में एक बाइक पर सवार दो युवक अनियंत्रित होकर ट्रक के आगे गिर गए। इससे दोनों युवक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर का कार्रवाई की जाएगी।