सलेमपुर। सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर जमुआ नंबर दो पेट्रोल पंप के समीप बृहस्पतिवार की रात पानी के टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टैंकर के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक से आ रहा युवक भिड़ गया। उसे गंभीर चोटें आईं। कोतवाली पुलिस की मदद से आसपास के लोगों ने युवक को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां देर रात उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी विवेकानंद तिवारी (30) उर्फ नन्हे तिवारी बृहस्पतिवार की रात करीब 9:30 बजे सलेमपुर से बाइक से घर जा रहे थे। राहगीरों के मुताबिक, जमुआ नंबर दो पेट्रोल पंप के समीप पानी के टैंकर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रहे विवेकानंद की बाइक उससे टकरा गई। हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
विवेकानंद तिवारी के पिता सिंचाई विभाग में छत्तीसगढ़ में तैनात है। विवेकानंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों बड़े भाई सेना में हैं। उधर, कोतवाली पुलिस टैंकर को खिंचवा कर कोतवाली ले आई है। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि पानी के टैंकर में बुलेट पीछे से टकराने से युवक की मौत हुई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।