वाहन की चपेट से बाइक सवार युवक की मौत
खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा शुक्ल गांव के पास हुआ हादसा
भटनी के पुरना छापर गांव का रहने वाला था राजन
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरा शुक्ल गांव के पास रविवार की रात आठ बजे चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर और परिवार वालों को सूचना दी।
भटनी थाना क्षेत्र के पुरना छापर गांव निवासी राजन विश्वकर्मा (24) पुत्र बैजनाथ विश्वकर्मा रविवार की देर शाम सदर कोतवाली के बैकुंठपुर बाजार में सामान खरीदने आया था। बाजार से सामान खरीदने के बाद वह अकेले बाइक से घर जा रहा था। अभी वह खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा शुक्ल गांव के पास पहुंचा था कि किसी अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर एसओ तरकुलवा श्यामसुंदर तिवारी मयफोर्स मौके पर पहुंचे। उसके पास मिले कागजात और मोबाइल से परिवारवालों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि राजन हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।