स्लाइडर गेट से ट्रेनों को चलाया गया, अज्ञात पर केस दर्ज
देवरिया। भटनी नगर के 115 नंबर रेलवे फाटक को बाइक सवार युवक ने बुधवार को तोड़ दिया। जिसके चलते करीब चार घंटे आवागमन प्रभावित रहा। फाटक के दोनों तरफ घंटों लोग जाम में फंसे रहे। रेलवे कर्मियों के कड़ी मशक्कत के बाद फाटक को ठीक किया गया। गेटमैन की शिकायत पर आरपीएफ ने अज्ञात युवक पर केस दर्ज किया है।
भटनी नगर के भटनी-भरथुआ सड़क मार्ग पर स्थित 115 नंबर बाईपास ढाला बुधवार सुबह ट्रेन आने की सूचना पर बंद किया गया। इसी दौरान तेज रफ्तार युवक बाइक लेकर पहुंचा और अनियंत्रित बाइक रेल फाटक से टकरा गई। इसके चलते रेलवे बूम टूट गया। बाइक सवार युवक भी गिरकर रूप से घायल हो गया। बाद में युवक बाइक लेकर फरार हो गया। फाटक टूटने से करीब चार घंटे स्लाइडर गेट का प्रयोग कर ट्रेनों को निकाला। इस दौरान के गेट के दोनों तरह वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। जिससे उनको परेशानियों का सामना पड़ा। गेटमैन की तहरीर पर आरपीएफ अज्ञात बाइक सवार पर केस दर्ज कर उसकी पहचान करने में जुटी है। स्टेशन अधीक्षक उपेंद्र कुमार चौबे ने बताया बाइक की ठोकर से रेल फाटक में दिक्कत आई थी कर्मियों के प्रयास से ठीक किया गया है।