बाइक की सर्विसिंग कराने आए युवकों से हुआ था विवाद, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। दूसरी कंपनी की बाइक सर्विसिंग कराने पहुंचे युवक से नगर स्थित हीरो मोटर एजेंसी के मालिक से कहासुनी हो गई। इससे नाराज युवक अपने साथियों के साथ एजेंसी पर पहुंचा और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए एजेंसी मालिक को जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को दो नामजद समेत चार युवकों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। चारों आरोपी सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के रहने वाले बालेन्द्र कुमार तिवारी भटनी के जिगिना मिश्र गांव के पास हीरो मोटर एजेंसी चलाते हैं। चार मार्च को सलेमपुर इलाके के नदौली गांव के रहने वाले विजय यादव बाइक सर्विस कराने पहुंचे। आरोप है कि विजय के साथ आए एक युवक ने होंडा कंपनी की बाइक ली थी। उसने एजेंसी कर्मी से उस बाइक की सर्विस करने के लिए कहा। कर्मी ने दूसरी कंपनी की गाड़ी सर्विस नहीं होने की बात कही। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। शोर सुनकर पहुंचे एजेंसी मालिक ने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया।
कुछ देर बाद नाराज युवक अपने साथियों के साथ एजेंसी पर पहुंचे और अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। मालिक के विरोध करने पर आरोपियों ने देख लेने की बात कहते हुए एजेंसी से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सलेमपुर के नदौली गांव निवासी विजय यादव, प्रान छपरा गांव निवासी भोलू यादव व अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने कहा कि बाइक सर्विस कराने पहुंचे युवकों से एजेंसी मालिक से विवाद होने की शिकायत पर चार युवकों पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।