रामपुर बुजुर्ग। सलेमपुर- मैरवा मार्ग पर स्थित चेकपोस्ट से थोड़ी दूर आगे बिहार के धरनीछापर चेकपोस्ट के समीप एक बोलेरो गाड़ी से आबकारी विभाग ने 486 लीटर देसी शराब बरामद की है।
मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। यह शराब देवरिया जिले की तरफ से भेजी जा रही थी।
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग (आबकारी) के अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम धरनी छापर पेट्रोल पंप के पास वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इस दौरान एक बोलेरो गाड़ी को रोक कर तलाशी ली गई। गाड़ी के अंदर से 486 लीटर देसी शराब रखी थी। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया,जबकि दूसरा तस्कर मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान सिवान जिले के जीरादेई के भैंसाखाल गांव निवासी अक्षय राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी भी इसी गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने बरामद शराब, बोलेरो गाड़ी को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापा मार रही है। चेकपोस्टर पार कर गई गाड़ी, पुलिस को नहीं लगी भनक
रामपुर बुजुर्ग। सलेमपुर मैरवा मार्ग पर रामपुर बुजुर्ग में चेकपोस्ट है। यह देवरिया जिले का अंतिम चेकपोस्ट है। इस चेकपोस्ट से करीब 200 मीटर की दूरी पर बिहार के मैरवा थाना क्षेत्र में धरनी छापर चेकपोस्ट स्थित है।
अक्सर ही बिहार पुलिस इस धरनीछापर चेकपोस्ट पर शराब की बड़ी खेप पकड़ लेती है। लेकिन उसी गाड़ी को रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी देख भी नहीं पाते हैं।
सोमवार को जो 486 लीटर शराब पकड़ी गई वह बोलेरो वाहन रामपुर बुजुर्ग से होकर ही गया था, लेकिन इस तस्करी के बारे में भी देवरिया जिले की पुलिस को कोई खबर नहीं हुई।
इस संबंध में एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि बॉर्डर पर पुलिस हमेशा मुस्तैद रहती है। बिहार में पकड़ी गई शराब किधर से गई है, इसकी जांच कराई जाएगी।