मेधावियों की आंखों में तैर रहे बड़े सपने
- इंजीनियर, डॉक्टर, सीए और सिविल सर्विसेज में कॅरियर बनाने की चाह
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावियों के बड़े सपने हैं। अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और कभी न हार मानने वाले जज्बे से वह अपने मनपसंद क्षेत्र में कॅरियर बनाने की चाह रखे हुए हैं।
इंटर में दूसरी रैंक पर आईं युग निर्माण की श्रेया सिंह पुत्री ज्ञानेश्वर सिंह निवासी स्वामी विवेकानंद कालोनी ने बताया कि उन्हें जिले में टॉप करने का यकीन था, हालांकि केवल दो नंबरों से वह पीछे रह गई। उन्हें आईआईटी में प्रवेश लेना है और इसके लिए वह तैयारी में भी जुटी हुई हैं। यहीं की छात्रा एवं उनकी छोटी बहन प्राची सिंह ने इंटर में तीसरी रैंक हासिल की है। प्राची ने बताया कि उन्हें मेडिकल क्षेत्र में जाना है और न्यूरोलाॅजिस्ट बनना है। दोनों बहनें नर्सरी से ही इस विद्यालय की छात्रा हैं और दोनो की गिनती यहां के होनहारों में होती हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी यह बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती हैं। श्रेया को कुकिंग तो प्राची को सिंगिंग व स्पेस सेटेलाइट के बारे में पढ़ना पसंद है। युग निर्माण की ही छात्रा एवं इंटर में तीसरी रैंक पाने वाली श्रद्घा मद्घेशिया के पिता तहसीलकर्मी एवं मां संगीता देवी आशा कार्यकर्ता हैं। एक भाई व दो बहनों में सबसे छोटी श्रद्घा सिविल सर्विसेज में जाना चाहती हैं। इसी स्कूल की छात्रा एवं इंटर में 10वीं रैंक पाईं शालू द्विवेदी ने बताया कि उन्हें सीए बनना है। इसलिए इंटर में वह कामर्स से पढ़ाई कर रही हैं। टॉप-10 में रहने की उम्मीद थी, लेकिन रैंक और बेहतर होता तो अच्छा रहता। वह प्रतिदिन 10 घंटे पढ़ाई करती हैं। उधर हाईस्कूल में पांचवीं रैंक पाए प्रेस्टिज इंटर कॉलेज के अभय यादव पुत्र अभिमन्यु यादव निवासी चतुर्भुजपुर ने बताया कि वह आईआईटी कर इंजीनियर बनेंगे।