खामपार। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के रहीमपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात बाइक की ठोकर से साइकिल मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
रहीमपुर गांव निवासी नूर मुहम्मद का बंगरा बाजार-हरेराम चौराहा मुख्य मार्ग पर रहीमपुर चौराहे के पास मकान है। वह मकान के सामने ही साइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। परिजन के अनुसार, बृहस्पतिवार रात नूर मुहम्मद अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नूर मुहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है।
शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद नूर मुहम्मद का शव गांव पहुंचा तो परिजन में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बेटे, बहू और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था। बाद में शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
श्रीरामपुर एसओ संजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।