बरहज के कपरवार मार्ग स्थित सरकारी जमीन से कब्जा खाली कराता प्रशासन
- फोटो : अमर उजाला
नगर के पलियां पेट्रोल पंप के निकट रामजानकी मार्ग से सटे सरकारी जमीन पर बुधवार रात भूमाफिया ने ईंट बिछाकर कब्जा कर लिया था। जानकारी होने पर महकमे में खलबली मच गई। बृहस्पतिवार को एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम गठित कर कब्जा खाली कराया।
पलियां पेट्रोल पंप के निकट रामजानकी मार्ग से सटे खलिहान की सरकारी जमीन है। लोगों के अनुसार, करीब 50 मीटर लंबी और पांच मीटर चौड़ी जमीन पर कुछ लोगों ने रात में ईंट बिछाकर कब्जा कर लिया। हलका लेखपाल सत्तार की सूचना पर एसडीएम ने संयुक्त टीम गठित कर जमीन की पैमाइश कराई। प्रशासन ने अतिक्रमण की गई जमीन से जेसीबी आदि लगाकर कब्जा खाली कराया। उक्त जमीन पर पहले से कुछ लोग छप्पर डाल कर रह रहे हैं। जहां पूर्व में संदिग्ध परिस्थितियों में दो बार आग भी लग चुकी है।
सरकारी जमीन पर अवैध ढंग से किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन के चले चाबुक से भूमाफिया में खलबली मच गई। एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने बताया कि टीम गठित कर सरकारी जमीन का चिह्नांकन कराकर कब्जा खाली कराया गया। गठित टीम में कानूनगो बरहज रामजी प्रसाद, कपरवार त्रिभुवन सोनकर, अमरजीत सिंह, महेश यादव, पवन विश्वकर्मा, राजन सिंह, सुनील, रामशरण आदि शामिल रहे।