सोनबरसा गांव में चल रही डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। क्षेत्र के सोनबरसा गांव में चल रही जिला स्तरीय डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार की रात दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच भाटपाररानी और चौरीचौरा के बीच खेला गया। इसमें भाटपाररानी की टीम ने रोमांचक मुकाबले में चौरीचौरा को छह रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। बेहतरीन प्रदर्शन पर भाटपाररानी के कप्तान को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से नवाजा गया।
भटनी के सोनबरसा गांव में मेमोरियल क्रिकेट क्लब के सौजन्य से डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन चल रहा है। शनिवार की रात दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भाटपाररानी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। भाटपाररानी के कप्तान विनय साहनी के बेहतरीन 47 रन के योगदान पर टीम ने निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 88 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौरीचौरा टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दस रन के स्कोर पर महत्वपूर्ण तीन विकेट गवांकर चौरीचौरा की टीम संघर्ष करते दिखी। बाद में पूरी टीम 82 रन के स्कोर पर आलआउट हो गई। भाटपाररानी के कप्तान विनय साहनी को मैन आफ द मैच पुरस्कार दिया गया। इसके पहले मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान व समाजसेवी अशोक यादव ने फीता काटकर कर खेल का शुभारंभ किया। वीरेंद्र यादव, डिंपल मौर्य, कन्हैया मौर्य, नितेश मौर्य, मिंटू मौर्य, मुकेश कुशवाहा, विजेंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।