पांच दिन भागलपुर पुल पर नहीं चलेंगे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर पुल की मरम्मत होने से पांच दिनों तक पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस कारण बलिया से देवरिया आने-जाने वाले लोगों को करीब 85 किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। मरम्मत का हवाला देते हुए लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ने डीएम को पत्र लिखा है।
देवरिया-बलिया को जोड़ने वाला भागलपुर पुल की बेयरिंग करीब डेढ़ साल पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण घाघरा के इस पर हादसे की आशंका को देखते हुए बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। सांसद रविंदर कुशवाहा के प्रयास के बाद पुल की मरम्मत हुई। इसमें करीब सवा करोड़ रुपये की लागत आई, लेकिन मरम्मत करने वाली कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते पांच माह बाद पुल दोबारा डैमेज हो गया। जिम्मेदार अफसरों तक यह मामला पहुंचा तो कार्यदायी संस्था ने दोबारा पुल का मरम्मत कराने की बात कही। इसके लिए जरूरत का सामान भी पहुंच गया है।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन आरबी राम ने पुल की मरम्मत होने का हवाला देते हुए डीएम अनिता श्रीवास्तव को पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने 10 से 14 अप्रैल तक पुल पर किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की बात कही है। डीएम ने एसडीएम को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऐसे में पांच दिनों तक पुल पर आवागमन बंद होने से बलिया और देवरिया जिले के लोगों को दोहरीघाट(गोरखपुर) के रास्ते देवरिया आना-जाना पड़ेगा।
वहीं भागलपुर, लार, सलेमपुर और बरहज से अधिकांश बच्चे बलिया के बेल्थरा रोड पब्लिक स्कूलों में पढ़ाई करने के लिए स्कूली वाहनों से जाते है। इसके लिए इनकों ट्रेन का सहारा लेना पड़ेगा या पैदल पुल उस पार तक जाना पड़ेगा। इस बाबत एक्सईएन आरबी राम ने बताया कि पुल की एक बेयरिंग खराब है। इसे ठीक करने में पांच दिन का वक्त लगेगा।