देवरिया। जिले के गरीब परिवारों पर नजर गड़ाने वाले दलाल किशोरियों और युवतियों की शादी कराने से पहले राजस्थान और हरियाणा के हसीन सपने दिखाते हैं। पर शादी के बहाने बेची गईं बेटियां वहां पहुंच कर नौकरानी बन जाती हैं। लार थाना क्षेत्र के एक गांव से 80 हजार रुपये में बेची गई किशोरी के साथ भी यही हुआ।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि दो दलालों ने शादी कराई और काफी हसीन सपने भी दिखाए थे, लेकिन वहां पहुंचने पर स्थिति इतर थी। उसने पुलिस को बताया कि वह इतनी प्रताड़ित हो रही थी कि आत्महत्या करने का मन बना चुकी थी। उससे नौकरानी की तरह काम लिया जाता था। यहां तक कि उससे शौचालय तक की सफाई कराई जाती थी। वहीं पशुओं को खिलाना और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी दी जाती थी।
सूत्रों के अनुसार दलाल मोटी रकम लेकर बेटियाें को बेचने के बाद अपनी जेब भरकर किनारा कस लेते हैं। अधिकांश मामलों में ऐसा हुआ है कि शादी कराने के एक महीने के भीतर ही किशोरी और युवतियाें को किसी न किसी तरीके से घर आना पड़ा है। कोई भागकर आया तो कोई रिश्तेदार और माता-पिता को बुलाकर साथ में किसी बहाने निकल पड़ा। एक मामले में सलेमपुर निवासी एक व्यक्ति जब बेटी को लाने के लिए पहुंचा तो उसके साथ मारपीट भी हुई।
-
दो दलालों पर केस दर्ज, खुफिया विभाग नेटवर्क खंगालने में जुटा
देवरिया। लार थाना क्षेत्र की किशोरी को 80 हजार रुपये में बेचने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एक गांव निवासी परमानंद राजभर और हरी प्रसाद के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें से पुलिस ने परमानंद को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि इसी ने 80 हजार रुपये लेकर शादी कराई थी। जबकि दूसरी तरफ पुलिस ने माता और पिता का भी बयान दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि आरोपी परमानंद को गिरफ्तार लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
मां-बाप को हो रहा पछतावा
देवरिया। दलालों की बातों पर विश्वास कर जिस मां-बाप ने अपनी रजामंदी से नवलपुर मंदिर में बेटी का विवाह रचाया था, आज उन्हें पछतावा हो रहा है। वे अपने आप को कोस रहे हैं कि कैसे उन्होंने दोनों दलालों के चक्कर में पड़कर अपनी ही बेटी की जिंदगी दाव पर लगा दी। यह कहते ही पुलिस के सामने दोनों रो पड़े।
गांव के लोगों ने अमर उजाला का जताया आभार
देवरिया। बाल विवाह और बेटी को बेचने की खबरें सिलसिलेवार तरीके से अमर उजाला में प्रकाशित होने पर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई। पहली बार सोमवार को पुलिस इस मामले हो हल्के में लेकर किशोरी को थाने से बैरंग वापस कर दिया था। मंगलवार को प्रमुखता से खबर छपने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई में तेजी आ गई। इस पर क्षेत्र के लोगों और किशोरी के माता-पिता ने अमर उजाला का आभार जताया है।