......
मईल थाना क्षेत्र के बलिया उत्तर गांव के थे निवासी, चौराहे से घर जाते समय हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भागलपुर। भागलपुर हनुमान चौराहे से पांच दिन पहले दूध बेचकर जा रहे अधेड़ को नकाबपोश कार सवारों ने रास्ते में हाॅकी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया था। इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इस दौरान शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। घर पर सूचना पहुंचते ही परिजन दहाड़ें मारने लगे।
मईल थाना क्षेत्र के बलिया उत्तर निवासी वीर बहादुर दूबे पांच दिन पहले भागलपुर हनुमान चौराहे पर सुबह दूध बेचकर बाइक से घर जा रहे थे। चौराहे से 200 मीटर की दूरी पर कार सवार आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने लाठी, डंडे, हाॅकी से पीट कर घायल कर दिया था। उनका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर गांव आते ही परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। पत्नी गुड़िया देवी पति के साथ हाॅस्पिटल में थीं। बड़ी बेटी साक्षी (17) और बेटा सक्षम (7) का रो-रो कर बुरा हाल था। बार-बार रोकर बोल रहे थे कि अब हम लोगों की देखभाल कौन करेगा।
बरहज सीओ आदित्य कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों को पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है। जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।