सलेमपुर। तहसील सभागार में सोमवार को ईआरओ/एसडीएम दिशा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एसआईआर से संबंधित समीक्षा बैठक की। जिसमें सभी सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारियों एईआरओ को मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में अनिवार्य रूप से शामिल हो तथा अपात्र, मृतक और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं।
उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्यरत बीएलओ के कार्यों की सतत निगरानी करने, घर-घर सत्यापन को प्राथमिकता देने और प्राप्त दावों-आपत्तियों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि ऑनलाइन पोर्टल पर प्रविष्टियों की नियमित जांच की जाए, ताकि तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
एसडीएम ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने सभी एईआरओ को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार अलका सिंह, खंड विकास अधिकारी आरपी राम, नायब तहसीलदार गोपालजी, हरिप्रसाद सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।