बरहज/भलुअनी। लखनऊ विधानसभा में चल रहे सदन में क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका ने बरहज के विकास कार्यों का मुद्दा उठाया। इसमें निर्माणाधीन मोहन सेतु निर्माण, सोनूघाट-बरहज जर्जर मार्ग का मरम्मत कराते हुए फोरलेन में तब्दील कराने की मांग की है।
सदन के बजट सत्र में क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका को मुद्दा प्रस्तुत करने का मौका दिया गया। इसमें उन्होंने करीब 13 वर्ष से लंबित परियोजना निर्माणाधीन मोहन सेतु पर आवाज उठाया। उनका कहना था कि इस पुल के बनने से नदी के रास्ते बरहज से मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, बलिया आदि जनपदों की राह आसान हो जाएगी। जबकि परसियां-विशुनपुर देवार आदि गांवों का विकास होगा। विधायक ने सोनूघाट-बरहज मार्ग को जनपद मुख्यालय को जोड़ने वाला मुख्य सड़क बताया। इस सड़क से बिहार, रामजानकी मार्ग से अयोध्या, जनकपुर, प्रयागराज आदि के लिए छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। जो सड़क पूरी तरह से टूट गई है। बढ़ते लोड और लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए उन्होंने इसे फोरलेन कराने की मांग किया। क्षेत्रीय विधायक द्वारा सदन में उठाये गये इस आवाज की लोग सराहना कर रहे हैं।