बरहज। नगर-क्षेत्र को परिवहन निगम की ओर से कीर्ति चक्र विजेता और शहीद अंशुमान सिंह के नाम पर अकूबा से देवरिया-गोरखपुर के लिए बस सेवा की मंजूरी मिली है।
इससे लोगों में हर्ष है। इस सेवा से करीब आधा दर्जन से अधिक चौराहों से जुड़े गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
मंगलवार को कपरवार में शहीद के पिता सेवानिवृत्त कैप्टन रविप्रताप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से बस सेवा के लिए मांग किया गया था। इस पहल पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने संस्तुति किया था। जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहर लगा दिया है।
विभाग के अनुसार शासन से मिली मंजूरी के बाद बुधवार को आरएम गोरखपुर मंडल और एआरएम देवरिया अकूबा गांव के लिए शहीद अंशुमान सिंह एक्सप्रेस बस रवाना करेंगे। बताया जा रहा है कि अकूबा गांव से बस सेवा रोजाना सुबह सात बजे से देवरिया से गोरखपुर, मईल और शाम को गांव में हाल्ट करेगी। इस बस सेवा को लेकर शहीद की मां मंजू सिंह, उग्रसेन सिंह, ब्रजेश सिंह, रवि तिवारी, भोला पांडेय, जितेंद्र आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।