देवरिया। जिला मुख्यालय के एआरटीओ कार्यालय के बाहर चौथे दिन शनिवार को जिला ट्रांसपोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि एआरटीओ कार्यालय में लंबे समय से मनमानी, फाइलों में देरी, लाइसेंस एवं परमिट से जुड़ी कार्यवाहियों में अनियमितता और आवेदकों से अभद्र व्यवहार की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, लेकिन उच्च अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
धरने को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह ने कहा कि एआरटीओ के रवैये से न केवल आम नागरिक परेशान हैं, बल्कि न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही कई लंबित प्रकरण समय पर नहीं निपटने के कारण वादकारी पक्ष को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरना स्थल पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दिया कि यदि जल्द ही एआरटीओ के खिलाफ विभागीय जांच शुरू नहीं की गई और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उपाध्यक्ष गोपाल पांडेय, संयुक्त मंत्री विजय कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष कमलेश सिंह, मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।