दूसरे दिन भी हड़ताल में रहे बैंककर्मी
देवरिया। वेतन विसंगति को दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर विभिन्न बैंकों के बैंक कर्मी शनिवार को भी हड़ताल पर रहे। शाखाओं में ताला लटकने से कामकाज स्थगित रहा और लोगों को मायूस होना पड़ा। जिन्हें कैश की निकासी करनी थी, उनके लिए एकमात्र सहारा एटीएम ही रहे। हालांकि एसबीआई मुख्य शाखा सहित अन्य प्रमुख बैंकों के एटीएम भी बंद रहने से एटीएम धारकों को परेशानी हुई। उधर लगातार दो दिनों तक बैंकिंग कार्य नहीं होने से जिले में 200 करोड़ से अधिक का व्यवसाय प्रभावित हुआ।
वेतन पुनरीक्षण, पांच दिनों तक की बैंकिंग, नई पेंशन योजना को समाप्त करने सहित अन्य मांगों को लेकर पूर्व निर्धारित एवं यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान देशव्यापी हड़ताल के अंतर्गत जिले के भी राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के प्रवेश द्वार पर ताले लटके रहे। यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन के बैनर तले पहले पीएनबी मुख्य शाखा और इसके बाद सुभाष चौक स्थित यूनियन बैंक शाखा के सामने बैंककर्मियों ने धरना सभा किया। सभा में वक्ताओं ने अधिकारियों के लिए काम के निश्चित घंटे, ठेका कर्मचारियों के लिए समान कार्य को समान वेतन, पारिवारिक पेंशन में सुधार, मूल वेतन के साथ विशेष भत्ते का विलय सहित मांगे जब तक पूरी नहीं हो जाती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। संगठन के मंत्री डीके गुप्ता ने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 11,12 व 13 मार्च को तीन दिवसीय एवं एक अप्रैल को बैंक कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। सभा में तेज बहादुर, धनंजय सिंह, मनोज, राकेश, सुमित रैश्री, हिमांगी सिंह, प्रकाश चनु, राकेश विश्वकर्मा, प्रफुल्ल, संदीप, अजीत, गोपाल, अविनाश, शशिकांत, संतोष, सौरभ, अभय आदि शामिल रहे।