देवरिया/खुखुंदू। केनरा बैंक की देवरिया और कुशीनगर जिले की शाखा में सोमवार दोपहर बाद बीएसएनएल नेटवर्क में दिक्कत की वजह से सर्वर फेल हो गया। इस वजह से मंगलवार दोपहर तक बैंकों में लेनदेन सहित अन्य कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
केनरा बैंक शाखा खुखुंदू में सोमवार दोपहर बाद अचानक सर्वर फेल हो गया। इसके चलते लेनदेन सहित सारे बैंकिंग कार्य पूरी तरह से ठप हो गया। इसकी शिकायत तत्काल शाखा प्रबंधक पुनीत कुमार श्रीवास्तव उच्चाधिकारियों से की। जिसपर जानकारी मिली कि बीएसएनएल का नेटवर्क फेल होने से यह दिक्कत देवरिया और कुशीनगर दोनों जनपदों में आई है। हालांकि कुछ शाखाओं पर अन्य नेटवर्क से जरूरी कामकाज निपटाया गया।
मगर खुखुंदू शाखा पर बैंकिंग कार्य पूरी तरह से ठप रहा। मंगलवार दोपहर बाद जब बीएसएनएल का नेटवर्क आया तो कामकाज चालू हुआ। इससे पहले उपभोक्ता बैंक शाखा पर आकर लौटते नजर आए। शाखा प्रबंधक पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीएसएनएल का नेटवर्क फेल होने से देवरिया और कुशीनगर जनपद में सर्वर फेल रहा। फिलहाल नेटवर्क की दिक्कत दूर हो गई है और बैंकिंग कार्य सुचारू रूप से चालू हो गया है।