धक्कामुक्की में बेहोश महिला को पानी पिलाता पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बघौचघाट। पीएनबी की पथरदेवा शाखा पर लंबी कतार में घंटों से खड़ी दस महिलाएं बेहोश हो गईं। उनका उपचार पीएचसी पर कराया गया। तीन दिन बाद कैश आने से अफरातफरी मच गई। लाइन में आगे लगने के लिए महिलाएं आपस में भिंड़ गईं। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को धक्का दे दिया। धक्का-मुक्की के बीच हंगामा भी हुआ।
सैकड़ों की संख्या रुपये हासिल करने के लिए एकत्र थी। बैंककर्मी किसी को दो हजार तो किसी को तीन हजार रुपये दे रहे थे। इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। नोट क्राइसिस से हर कोई परेशान है। रोज बैंक की शाखों पर लंबी कतार लगती है। पथरदेवा स्थित पीएनबी की शाखा में भोर से ही लंबी लाइन लगी थी। तीन बजे कैश आते ही लोगों की उम्मीद जाग गई कि आज तो रुपये मिल ही जाएंगे। बैंक के भीतर पहले प्रवेश करने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
कतार में कई घंटों से लगीं शाहपुर शुक्ल की सिगना देवी, घूरीपुर की खुशबू निशा, मऊडीहा की तैबुल निशा, खैगवां की रूखारू देवी, चिकटिहां की पूनम देवी, सिघावन की संगीता देवी, पथरदेवा की पुनीता देवी, घूस देवरिया की हीरमती, बंजरिया की ममता और महूडीहा की इशरावती गश खाकर गिर पड़ीं। यह देख लोगों में अफरातफरी मच गई। क्षेत्र के अन्य बैंक में भी मारामारी की स्थिति रही।
पूर्वांचल बैक की शाखाओं में कैश का संकट आज भी देखने को मिला। लाइन में लगे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर, घांटी बाजार के मेहरौर गांव निवासी देवधारी यादव खेती के लिए पीएनबी बैंक बनकटा तिवारी में गुरुवार को रुपये निकालने आए थे। बैंक के बाहर इतनी भीड़ थी कि वह कतार में दबकर बेहोश हो गए। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बेहोशी की हालत में बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज हुआ।