सलेमपुर के श्रमपर्वत कार्यालय पर प्रदर्शन करते बभनियाव गांव के मजदूर
श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन न होने से नाराज मजदूरों ने कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद बाबू और मजदूरों के बीच नोंकझोंक भी हुई। एक सप्ताह में रजिस्ट्रेशन कराने का आश्वासन मिलने पर मजदूरों का गुस्सा शांत हुआ।
नगर के श्रम प्रवर्तन कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की मनमानी से मजदूरों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है। बभनियाव गांव के महिला और पुरूष मजदूर बीस दिन से अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार को गांव के प्रधान रविंद्र चौहान के नेतृत्व में मजदूर कार्यालय पर पहुंचे। वहां मौजूद बाबू ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी के न होने की बात कहकर दूसरे दिन आने को कहा। इस पर मजदूर भड़क गए। बाबू और आक्रोशित मजदूरों के बीच जमकर कहासुनी और झड़प हुई।
मामला बढ़ता देख बाबू ने सभी मजदूरों को फार्म भरकर जमा करने को कहा और एक सप्ताह के अंदर सभी का रजिस्ट्रेशन कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर मजदूर शांत हुए। मजदूरों का आरोप है कि यहां तैनात श्रम प्रवर्तन अधिकारी कभी आते नहीं हैं। इसकी वजह से तहसील क्षेत्र के मजदूरों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए परेशान होना पड़ता है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सलेमपुर के अलावा गोरखपुर का चार्ज भी मेरे जिम्मे हैं। इसकी वजह से सप्ताह में एक दिन जा पाता हूं। मजदूरों की, जो भी परेशानी होगी। उसे दूर कर दिया जाएगा।