गाजीपुर भैंसही के मिर्जा अजहर वेग को मिला जीवित होने का प्रमाण पत्र
- फोटो : DEORIA
देवरिया जिले के गाजीपुर भैंसही गांव निवासी मिर्जा अजहर बेग आखिरकार गुरुवार को कुटुंब रजिस्टर में जिंदा हो गए। ग्राम सचिव बलवीर यादव ने बेग के जीवित होने का प्रमाणपत्र दे दिया। हाथ में कुटुंब पंजिका की नकल पाते ही अजहर बेग की आंखें डबडबा आईं। कागज में अपना नाम देख भावुक हुए बेग ने उसे चूमकर खुद के जिंदा होने का एहसास किया।
गाजीपुर भैंसही गांव के मिर्जा अजहर बेग का ग्राम सचिव की ओर से मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया था। इस संबंध में अमर उजाला ने 20 जुलाई को कुटुंब रजिस्टर में सचिव ने अजहर बेग को मार दिया... शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद खंड विकास अधिकारी कार्यालय में हड़कंप मच गया।
बेग ने मामले की जांच के लिए एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार और बीडीओ ने जांच की। ग्राम सचिव ने गांव में खुली बैठक कराई, जिसमें ग्राम पंचायत के सदस्यों ने एक स्वर से अजहर बेग के जिंदा होने की बात कही। बैठक में प्रस्ताव पारित कराने के बाद कुटुंब रजिस्टर को ठीक किया गया।