मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र डीएम कार्यालय को दिया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब के समर्थन में निषाद समाज के लोग उतर आए हैं। राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद और निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के पदाधिकारियों ने मुकदमा वापसी की मांग करे लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र डीएम कार्यालय को दिया। राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के प्रदेश सचिव जयप्रकाश निषाद ने कहा कि भाजपा सांसद महंत आदित्यनाथ के इशारे पर जिला प्रशासन ने पूर्व सांसद फूलन देवी के शहादत दिवस के मौके पर नौसड़ में उनकी प्रतिमा का अनावरण नहीं होने दिया। इससे निषाद समाज अपमानित महसूस कर रहा है।
आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश की जनता और निषाद समाज सबक सिखाने का काम करेगी। जिला उपाध्यक्ष शैलेष निषाद ने कहा कि फूलन देवी के प्रतिमा की स्थापना नहीं करने देने पर निषाद समाज महंत आदित्यनाथ की घोर निंदा करते हैं।
निषाद समाज ने गोरखपुर में 30 फीट ऊंची फाइबर की प्रतिमा को लगाने से रोकने वाले अफसरों पर कार्रवाई करने, डॉ. अयूब पर दर्ज मुकदमा वापस लेने और हियुवा पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में नरसिंह, गांगू, विजय, अभिषेक, राजेश, सुदामा, राजा शर्मा, अर्जुन, सुखदेव आदि मौजूद रहे।